रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रत्याशी रहे बलबीर चौहान को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। बलबीर चौहान पर यह कार्रवाई बीते दिन वायरल हुए ऑडियो क्लिप के आधार पर की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस संबंध में लेटर जारी किया है। वहीं बलबीर चौहान के निष्कासन के बाद कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार की राह आसान हो गई है।
बता दें कि ऑडियो जारी होने के बाद बलबीर चौहान ने अपने फेसबुक पेज एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने कहा कि यह ऑडियो उनका है, वह जब दिल्ली से वापस आ रहे थे तो टिकट कटने के कारण उनमें गुस्सा था। दिल्ली से वापस आते हुए ही उन्होंने ही कॉल किया था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप उनसे मिलने के लिए उनके घर आए थे। तब से वह पार्टी प्रत्याशी नारायण चौहान के लिए कार्य कर रहे हैं।
बलबीर चौहान BJP टिकट के प्रबल दावेदार थे
रेणुकाजी विस क्षेत्र से बलबीर चौहान इस बार भी भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रबल दावेदार थे, इसके बावजूद उनका टिकट कट गया था। गिरी पार क्षेत्र से नारायण चौहान को पार्टी प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा गया था। विधानसभा चुनाव टिकट के लिए हुई भाजपा की इंटर पार्टी पोलिंग में भी बलबीर चौहान पिछड़ गए थे।
2012 के विधानसभा चुनाव में बलबीर चौहान ने पार्टी प्रत्याशी हृदय राम के समर्थन में कार्य किया था। 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार को 21332 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी हृदय राम को 20677 वोट मिले थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हृदय राम निर्दलीय चुनाव लड़े थे। 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार को 22028 वोट मिले थे, वह विजेता रहे। बलबीर चौहान को 16868 वोट मिले थे। भाजपा से बागी होकर 2017 में चुनावी मैदान में उतरे हृदय राम को 12069 वोट मिले थे।
बलबीर चौहान को मनाने की जगह निष्कासित करने से पार्टी को जहां रेणुका जी में भारी नुकसान हो सकता है। वही हाटी क्षेत्र से अपना प्रत्याशी जितवाने के सपने को भी गहरा आघात पहुंच सकता है।