आनंद शर्मा ने की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात
Spread the love

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ओक ओवर में मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आनंद शर्मा को हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी का निडर अभियान केंद्र सरकार के लिए एक अड़चन थी और राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित करने के फैसले को उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है।  उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के गलत कामों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी। उन्होंने कहा कि देश में आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।

इस मौके पर आनंद शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने का पूरा अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार ने साजिश के तहत उन्हें निशाना बनाया है। आनंद शर्मा ने न्यायपालिका में अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि निचली अदालत का फैसला ऊपरी अदालत में नहीं टिकेगा और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।