Spread the love

मंडी : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के गृह जिला मंडी में पहुंची और उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सरकार बदलने की परंपरा ठीक है। इसे जारी रखें। इससे नेता को सीख मिलती है कि अगर उसने काम नहीं किया तो फिर बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। यह बात उन्होंने आज सोमवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में कांग्रेस की तरफ से आयोजित परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो रीति रिवाज हैं, उन्हें जारी रखना चाहिए। फिर चाहे वो रिवाज सरकार बदलने का ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि 1862 में भी मंडी के लोगों ने तत्कालीन वजीर की तानाशाही से तंग आकर उसका तख्तापलट कर दिया था। कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में ओपीएस बहाल किया जाएगा। रिक्त पदों को भरने का प्रोसेस शुरू होगा और एक लाख नई नौकरियों का पिटारा खोला जाएगा। लोगों को अपने स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने जो भी वादे जनता से किए थे उन्हें पूरा कर दिया है। लेकिन जयराम ठाकुर ने मंडी के लोगों से जो वायदे किए थे वो आज दिन तक पूरे नहीं हुए हैं। यहां के लोग पांच वर्ष पहले सीएम पद मिलने से खुश थे और आज निराश हैं। बघेल ने कहा कि अब जयराम को जय राम जी की करने का समय आ गया है।

कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने जहां केंद्र और प्रदेश सरकारों के खिलाफ जुबानी हमले बोले। वहीं, दिवंग्त वीरभद्र सिंह द्वारा किए गए विकास कार्यों का बखान किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने लंबे समय तक मंडी का प्रतिनिधित्व किया और उनका इस जिला के लोगों के साथ विशेष लगाव था। उन्होंने कहा कि आज वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों पर मुहर लगाने का समय आया है।

प्रियंका गांधी ने इससे पहले मंडी शहर के प्राचीन बाबा भूतनाथ मंदिर में जाकर माथा भी टेका। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जो दस गारंटियां कांग्रेस की तरफ से दी जा रही हैं, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा।