Spread the love

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए प्रधान मीडिया सलाहकार की नियुक्ति की गई है। सरकार ने मीडिया सलाहकार के तौर पर उनके करीबी नरेश चौहान को नियुक्त किया है। इस सम्बंध में मुख्य सचिव आर.डी.धीमान के द्वारा मंगलवार को आदेश जारी किए गए हैं।

शिमला निवासी नरेश चौहान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। वह सूक्खू के करीबी माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव तक वह कांग्रेस उपाध्यक्ष के साथ पार्टी के मीडिया विभाग का दायित्व भी देख रहे थे। उन्होंने चुनाव के दौरान मीडिया से बेहतर तालमेल बना के रखा। भाजपा सरकार पर नरेश चौहान निरंतर हमलावर रहे है। शिमला से मीडिया के जरिए वह अक्सर भाजपा सरकार को घेरते रहे हैं। नरेश चौहान शिमला शहरी से कांग्रेस की टिकट की दौड़ में भी शामिल थे। अब कांग्रेस सरकार में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें कैबिनेट रैंक दिया गया है।