Spread the love

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद अब हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश की 14वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र 22 से 24 दिसंबर तक धर्मशाला के तपोवन में होगा। प्रदेश की नई सरकार का पहला विधानसभा सत्र 22 दिसंबर से सुबह 11 बजे से शुरू होगा। तीन बैठकों के इस सत्र में प्रोटेम स्पीकर नए चुने हुए विधायकों को शपथ दिलाएंगे। प्रोटेम स्पीकर के लिए वरिष्ठ विधायक चंद्र कुमार का नाम तय हुआ है और उनकी शपथ राज्यपाल 19 दिसंबर को दिलाएंगे। वहीं, सत्र के दूसरे दिन यानि 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, हिमाचल में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ सभी विधायक आज राजस्थान में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ों यात्रा में शामिल हुए। वहीं सीएम और सभी विधायकों ने गुरुवार को दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात भी की। इस सत्र के बाद कैबिनेट का गठन होगा।